सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी का कहर 6 दिन में 5 मासूमों की मौत, सरकार हाई अलर्ट पर

The CSR Journal Magazine
राजस्थान के सलूम्बर जिले के दो गांवों में 6 दिन के भीतर 5 बच्चों की रहस्यमयी मौत ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच और नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।

6 दिन में 5 मौतें, गांवों में फैली दहशत

सलूम्बर जिले के लालपुरा और घाटा गांवों में बीते छह दिनों के भीतर 5 मासूम बच्चों की अचानक मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। मृतकों में लालपुरा के दीपक (5), सीमा (3), लक्ष्मण (7) राहुल (4) व काजल शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, बच्चों को पहले हल्का बुखार और कमजोरी हुई, लेकिन कुछ ही समय में उनकी हालत बिगड़ गई। स्थानीय अस्पतालों से लेकर उदयपुर के बड़े अस्पताल तक इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असमंजस का माहौल है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एक्शन, विशेषज्ञ टीम तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बीमारी की सटीक वजह का पता लगाया जाए और इसे फैलने से रोका जाए। मुख्यमंत्री के आदेश पर उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम प्रभावित गांवों में भेजी गई है। वहीं, मुख्य सचिव स्तर पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है और जिला प्रशासन को हर स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर स्क्रीनिंग और सैंपलिंग

स्वास्थ्य विभाग की टीम ‘ग्राउंड जीरो’ पर सक्रिय है और गांवों में घर-घर जाकर बच्चों की जांच कर रही है। बुखार के लक्षण वाले हर बच्चे की स्क्रीनिंग की जा रही है। संभावित मच्छरजनित बीमारी को ध्यान में रखते हुए फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियां भी शुरू कर दी गई हैं। बीमार बच्चों और उनके परिजनों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह वायरल संक्रमण है, बैक्टीरियल बीमारी है या कोई नई तरह की समस्या।

परिजनों का आक्रोश, प्रशासन की अपील

घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। कुछ परिवारों ने आरोप लगाया कि समय पर सही जांच और इलाज नहीं मिलने के कारण बच्चों की जान चली गई। जांच टीम को कुछ जगहों पर विरोध का सामना भी करना पड़ा, जहां परिजनों ने सैंपल देने से इनकार कर दिया। वहीं प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि घबराएं नहीं और सावधानी बरतें। ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और बच्चों में बुखार दिखने पर तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos