Welcome Movie’ के मशहूर एक्टर Mushtaq Khan का निधन, कैंसर से जंग के बाद 56 की उम्र में ली आखिरी सांस

The CSR Journal Magazine
मुंबई: हिंदी सिनेमा के जाने-पहचाने अभिनेता मुश्ताक खान का गुरुवार को निधन हो गया। ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘आशिकी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में अपने सपोर्टिंग और कॉमिक किरदारों से पहचान बनाने वाले अभिनेता ने मुंबई के नानावती अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह 56 साल के थे। उनके बेटे मोहसिन ने बताया कि अभिनेता का निधन शाम करीब 7 बजे कैंसर के कारण हुआ।

पेट में दर्द के बाद अस्पताल पहुंचे, बिगड़ती गई तबीयत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुश्ताक खान को कुछ समय पहले पेट में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान कैंसर का पता चला। उनकी हालत पिछले कुछ दिनों में तेजी से बिगड़ी। बताया गया कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले वह काम भी कर रहे थे और एक फिल्म की शूटिंग में शामिल थे। रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें करीब दो सप्ताह पहले नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

‘वेलकम’ से ‘गदर’ तक, छोटे किरदारों में छोड़ी बड़ी छाप

मुश्ताक खान ने कई दशकों तक हिंदी फिल्मों, टीवी और थिएटर में काम किया। ‘वेलकम’ में उनके किरदार और कॉमिक अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा वह ‘आशिकी’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोडी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गदर’, ‘खिलाड़ी 786’, ‘बधाई दो’, ‘गदर 2’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे। उनका करियर मुख्य भूमिकाओं से ज्यादा चरित्र और सपोर्टिंग रोल के लिए जाना गया।

मध्य प्रदेश के छोटे शहर से बॉलीवुड तक का सफर

मुश्ताक खान का जन्म मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में हुआ था। छोटे शहर से निकलकर उन्होंने थिएटर के जरिए अभिनय की शुरुआत की और आगे चलकर हिंदी सिनेमा में अपनी जगह बनाई। उनकी पहचान ऐसे कलाकार के तौर पर बनी, जो सीमित स्क्रीन टाइम में भी अपने अभिनय और कॉमिक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच लेते थे।

2024 में किडनैपिंग की खबर से भी रहे थे चर्चा में

नवंबर 2024 में मुश्ताक खान कथित अपहरण के मामले को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने उत्तर प्रदेश बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें बंधक बनाकर फिरौती मांगी गई। बाद में वह वहां से निकलने में सफल रहे और स्थानीय लोगों से मदद ली थी।

शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार

मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उन्हें अपना पुराना दोस्त और भाई जैसा बताया। उन्होंने कहा कि मुश्ताक ने संघर्ष के दिनों से लेकर इंडस्ट्री में पहचान बनाने तक लंबा सफर तय किया। अभिनेता अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को मुंबई के यारी रोड कब्रिस्तान में किया जाएगा।

Latest News

Popular Videos