app-store-logo
play-store-logo
February 3, 2026

Delhi: पहाड़गंज में मां के बिहार जाते ही पिता बना हैवान, 14 साल की बेटी के साथ किया दुष्कर्म

The CSR Journal Magazine
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना से सन्न है. पहाड़गंज इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध का आरोप लगाया है. इस सनसनीखेज मामले ने न सिर्फ पारिवारिक रिश्तों को कटघरे में खड़ा किया है, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

मां के बिहार जाते ही शुरू हुई दरिंदगी

पुलिस के मुताबिक पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है. उसकी मां करीब 15 दिन पहले बिहार अपने गांव गई हुई थी. इसी दौरान आरोपी पिता ने बेटी के साथ दरिंदगी की हदें पार कर दीं. पीड़िता ने बताया कि 31 जनवरी 2026 की रात करीब 1:30 बजे वह अपने कमरे में छोटी बहन और पिता के साथ सो रही थी. तभी उसके पिता ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और किसी को बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी.

10-15 दिन में 4-5 बार हुई हैवानियत

पीड़िता के बयान के अनुसार यह कोई एक बार की घटना नहीं थी. पिछले 10 से 15 दिनों के भीतर उसके साथ 4 से 5 बार इसी तरह की दरिंदगी की गई. डर और घरेलू हिंसा की वजह से वह चुप रही. उसने पुलिस को बताया कि उसका पिता अक्सर उसे और उसकी मां को बेरहमी से पीटता था, इसी कारण वह लंबे समय तक डर के साए में जीती रही.

छोटी बहन की सुरक्षा बनी हिम्मत की वजह

पीड़िता ने बताया कि जब उसे अपनी छोटी बहन की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा, तब उसने चुप्पी तोड़ने का फैसला किया. 1 फरवरी 2026 को वह अपने दोस्त के माता-पिता, जो उसके मकान मालिक भी हैं, की मदद से पहाड़गंज थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई. बच्ची की हालत और बयान सुनकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई.

FIR दर्ज, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FIR No. 108/2026 दर्ज की. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया गया है. जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और धारा 183 BNS के तहत उसके बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने सभी आरोपों की पुष्टि की है.

फॉरेंसिक सबूत जुटाए, आरोपी ने कबूला जुर्म

क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता के कपड़े, बिस्तर की चादर समेत अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य जब्त किए हैं. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माना कि वह बेटी को किसी को न बताने के लिए लगातार धमका रहा था. पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates
App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos