app-store-logo
play-store-logo
March 4, 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का कहर होली मनाने लौट रहे 6 लोगों की जान गई, धौलपुर के 3 परिवारों में मातम

The CSR Journal Magazine
उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में राजस्थान के धौलपुर जिले के तीन लोग शामिल हैं, जो होली मनाने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।

सुबह 4:15 बजे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:15 बजे हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के 141 माइल स्टोन के पास हुआ। दिल्ली से धौलपुर आ रही एक वैन को नोएडा से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वैन में कुल 13 लोग सवार थे। दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चीख-पुकार से दहल उठा एक्सप्रेसवे

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद वैन करीब 10 फीट उछलकर पलट गई और कुछ शव सड़क पर जा गिरे। आसपास के लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
दुर्घटना का मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की आंखें नम हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला और यातायात को सुचारू कराया।

धौलपुर के तीन लोगों की मौत, होली की खुशियां बनीं मातम

हादसे में मृत छह लोगों में तीन राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों की पहचान गंगोलियापुरा निवासी दिनेश पुत्र होतम सिंह, उनकी पत्नी सुनीता और सोमाली का घेर निवासी लोकेश पुत्र भूरी सिंह के रूप में हुई है। तीनों होली का पर्व मनाने अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही धौलपुर के गांवों में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और कई लोग उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं।

चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

दिनेश नोएडा के सेक्टर 41 में हलवाई का काम करते थे और परिवार के साथ वहीं रहते थे। वे पत्नी और दो बेटों के साथ गांव लौट रहे थे। वहीं, लोकेश पिछले 10 वर्षों से दिल्ली में पेस्ट्री और केक बनाने का काम करते थे। उनकी चार बेटियां गांव में मां के साथ रहती हैं। लोकेश की मौत के बाद उनकी बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। गांव सोमाली का घेर में गमगीन माहौल है। होली की तैयारियों के बीच आई इस दर्दनाक खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की खुशियां जहां रंग और उमंग लेकर आती हैं, वहीं इस हादसे ने कई घरों की रोशनी छीन ली। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Latest News

Popular Videos