कौशाम्बी में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका: 15 से ज्यादा मकान धराशायी, 5 की मौत की सूचना; मलबे में दबे लोगों की तलाश

The CSR Journal Magazine
कौशाम्बी: कौशाम्बी-प्रयागराज सीमा पर स्थित मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में अचानक भीषण आग लगने के बाद लगातार धमाके होने लगे। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में इलाके में धुएं का गुबार छा गया और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

15 से अधिक मकान हुए क्षतिग्रस्त

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हो गए। कई घरों के शीशे भी टूट गए। बताया जा रहा है कि मलबा करीब 250 मीटर दूर स्थित रेलवे पुल तक जा पहुंचा। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

पांच लोगों की मौत की सूचना

हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जेसीबी से मलबा हटाकर चलाया जा रहा रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही कौशाम्बी और प्रयागराज प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस बल के साथ बचाव दल को भी लगाया गया है। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। लगातार धमाकों के कारण शुरुआती दौर में राहत-बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

सेना और एयरफोर्स के जवान भी रेस्क्यू में जुटे

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना और एयरफोर्स के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया है। जवान मलबे में फंसे लोगों को निकालने के अभियान में जुटे हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज के एडीजी, आईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कौशाम्बी के डीएम और एसपी के अलावा प्रयागराज के प्रशासनिक अधिकारी भी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पटाखा फैक्टरी में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos