नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके से एक निजी स्कूल की तीन वर्षीय छात्रा के कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। मामले में दिल्ली पुलिस ने स्कूल बस ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर बच्ची को टॉफी और चॉकलेट का लालच देकर उसके साथ गलत हरकत करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
चोट के निशान देखकर परिजनों को हुआ शक
पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा 19 अगस्त को हुआ। बच्ची के परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे। इसके बाद उन्होंने बच्ची से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि बच्ची ने स्कूल के एक ‘अंकल’ के बारे में बताया, जो उसे टॉफी और चॉकलेट देता था। जांच में सामने आया कि आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहा था और उसने बच्ची का शौचालय तक पीछा कर चार बार उसके साथ घिनौनी हरकत की। जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
जांच में सामने आया कि आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को बच्ची को स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों की तस्वीरें दिखाई गईं। इसी दौरान उसने कथित तौर पर आरोपी ड्राइवर की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के मोबाइल की भी जांच
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, फोन में छोटे बच्चों से जुड़े कई वीडियो मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनका मामले से कोई संबंध है या नहीं। इसके अलावा स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
घटना को लेकर सियासत भी तेज
मामला सामने आने के बाद दिल्ली में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। आरोपी के मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।