Ganga Flood Bihar High Alert: बिहार में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। पटना के गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का पानी खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर और नदी के फैलते पानी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को बेतार संवाद भेजकर तत्काल सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
Ganga Flood Bihar High Alert: गांधीघाट पर 50.51 मीटर दर्ज हुआ जलस्तर
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख, मुख्यालय की ओर से जारी बेतार संवाद के मुताबिक शनिवार सुबह 9 बजे गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से 1.91 मीटर अधिक है। खास बात यह है कि नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ने की प्रवृत्ति में है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। गांधीघाट पर गंगा अपने उच्चतम जलस्तर (HFL) 50.52 मीटर के बेहद करीब बह रही है। विभाग को मिले पूर्वानुमान के अनुसार यहां नया Highest Flood Level (HFL) बनने की भी संभावना है।
दियारा क्षेत्रों में बढ़ सकता है दबाव
जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण गंगा के प्रवाह क्षेत्र में दबाव बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसका सबसे ज्यादा असर नदी के आसपास बसे दियारा क्षेत्रों में पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन को इन इलाकों में विशेष निगरानी रखने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग ने अधिकारियों को नदी के तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के साथ किसी भी संभावित स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
तटबंध के आसपास रहने वालों को अलर्ट करने के निर्देश
विभाग ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से कहा है कि बाढ़ आपदा की आशंका को देखते हुए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जाएं। तटबंध के नदी वाले हिस्से में रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर की जानकारी देने और उन्हें आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में जिलास्तर पर गठित बाढ़ आपदा दल की लगातार गश्ती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।
Ganga Flood Bihar High Alert: प्रशासन की नजर जलस्तर और तटबंधों पर
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच जल संसाधन विभाग ने जिलों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। खासतौर पर गांधीघाट और आसपास के इलाकों में जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्थिति बिगड़ने से पहले जरूरी कदम उठाए जाएं और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!