app-store-logo
play-store-logo
February 28, 2026

अजमेर से पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा प्रहार ‘INC नहीं, अब MMC’, 16,686 करोड़ की सौगात और युवाओं को नियुक्ति पत्र

The CSR Journal Magazine
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर की धरती से राजस्थान को 16,686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे “MMC” बताया।

विकास की नई रफ्तार 16,686 करोड़ की परियोजनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का संदेश दिया। उन्होंने करीब 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में इन परियोजनाओं को गेमचेंजर बताया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि “विकसित भारत” के संकल्प को धरातल पर उतारने की ठोस पहल है। उन्होंने डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की समन्वित कार्यशैली से राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने पर्यटन, खासकर अजमेर-पुष्कर क्षेत्र की कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर सड़क और रेल नेटवर्क से न केवल पर्यटन बढ़ेगा बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी मजबूती मिलेगी। “जब पर्यटक आते हैं तो होटल, ढाबे, कारीगर और गाइड सभी की रोजी-रोटी चलती है,” उन्होंने कहा।

युवाओं को नियुक्ति पत्र, पेपर लीक पर लगाम

प्रधानमंत्री ने मंच से राजस्थान के 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने इसे “नए राजस्थान” की तस्वीर बताते हुए कहा कि दो साल पहले तक प्रदेश में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन अब व्यवस्था में सुधार हुआ है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति को सशक्त करना सरकार की प्राथमिकता है। नियुक्ति पत्र वितरण को उन्होंने पारदर्शिता और सुशासन का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और रोजगार सृजन को तेज करने का संकल्प लिया है। उन्होंने दावा किया कि विकास परियोजनाएं प्रदेश में नए रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगी।

बेटियों के लिए ‘सुरक्षा कवच’ एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत

अजमेर से ही प्रधानमंत्री ने देशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे देश की नारीशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि “जब मां स्वस्थ होती है, तो पूरा परिवार मजबूत होता है।” इसी सोच के साथ सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। एचपीवी टीका महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने में मददगार बताया गया। उन्होंने महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार मातृशक्ति को संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, स्वास्थ्य और शिक्षा में निवेश से समाज की समग्र प्रगति सुनिश्चित होती है।

कांग्रेस पर तीखा हमला ‘INC नहीं, अब MMC’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब “Indian National Congress” नहीं रही, बल्कि “MMC मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस” बन चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में लगातार हार से हताश होकर भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग ने देश को बांट दिया, और माओवादी भारत की समृद्धि और संविधान से नफरत करते हैं। कांग्रेस भी अब उसी राह पर चल रही है।”

पीएम मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों के समय रक्षा सौदों में घोटाले होते थे और सैनिकों को आवश्यक सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने “वन रैंक वन पेंशन” और सेना की हालिया कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में सेना ने हर मोर्चे पर मजबूती दिखाई है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा पर सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है, लेकिन कांग्रेस इन उपलब्धियों पर भी सवाल उठाती रही है।

विकसित राजस्थान से विकसित भारत

अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने “प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” का उल्लेख किया और कहा कि राजस्थान की प्रचुर धूप अब आम लोगों के लिए बचत और आय का साधन बन रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत की नींव को मजबूत करेगा। “जब राजस्थान विकसित होगा, तब यहां के हर परिवार का जीवन समृद्ध होगा,” प्रधानमंत्री ने कहा।

Latest News

Popular Videos