app-store-logo
play-store-logo
March 9, 2026

UP: मीरजापुर में लापरवाही की हद, आत्महत्या के बाद अस्पताल की मोर्चरी में युवक के शव को चूहों ने कुतरा

The CSR Journal Magazine
मीरजापुर के मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रविवार रात एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां रखे एक युवक के शव को चूहों ने कुतर दिया। सोमवार सुबह जब स्वजन को इसकी जानकारी हुई तो अस्पताल परिसर में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

आत्महत्या के बाद मोर्चरी में रखा गया था शव

मृतक की पहचान तरकापुर नई बस्ती निवासी अभिषेक सैनी के रूप में हुई है। उसके भाई राजू माली के अनुसार, रविवार शाम किसी कारण से अभिषेक ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि जब शव मोर्चरी में रखा गया तो वहां का फ्रीजर खराब था। ऐसे में कर्मचारियों ने बर्फ की सिल्ली मंगवाकर शव को रखने की व्यवस्था की। आरोप है कि इस व्यवस्था के लिए परिजनों से करीब दो हजार रुपए भी लिए गए।

सुबह पोस्टमार्टम से पहले खुली लापरवाही की पोल

सोमवार सुबह पुलिस पंचनामा की प्रक्रिया के लिए पहुंची तो मामला सामने आया। परिजनों ने देखा कि शव के कमर और हाथ के पास चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया था। यह देखकर परिवार के लोग भड़क गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि अगर मोर्चरी की व्यवस्था सही होती तो ऐसी अमानवीय घटना नहीं होती।

पुलिस ने कराया मामला शांत

सूचना मिलने पर शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं अस्पताल के सीएमएस डॉ. सचिन किशोर ने कहा कि घटना गंभीर है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अस्पताल में फ्रीजर तक सही हालत में नहीं है और स्वच्छता का अभाव है, तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल प्रशासन जांच की बात कह रहा है, लेकिन परिजनों की नाराजगी अभी भी बनी हुई है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos