Investment in Madhya Pradesh: Indore में 28 अक्टूबर को होगा Urban Conclave 2026, सिंहस्थ-2028 पर भी रहेगा फोकस

The CSR Journal Magazine
Madhya Pradesh Indore Urban Conclave 2026: मध्यप्रदेश में शहरी विकास को गति देने और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 28 अक्टूबर 2026 को इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस कार्यक्रम में निवेशक, विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स, युवा और सरकारी विभागों के प्रतिनिधि शहरों के विकास, आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और नई परियोजनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे।

Madhya Pradesh Indore Urban Conclave 2026: शहरी विकास से लेकर डिजिटल गवर्नेंस तक, निवेश के नए रास्तों पर होगा मंथन

कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश के शहरों को आधुनिक, निवेश के अनुकूल और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है। इसमें शहरी विकास के नए मॉडल, निवेश की संभावनाओं, नीतिगत सुधारों और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न नगरीय विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने के साथ कुछ परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

Madhya Pradesh Indore Urban Conclave 2026: टियर-2 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान

अर्बन कॉन्क्लेव में टियर-2 शहरों के सुनियोजित विकास के लिए विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें शहरों के विस्तार, भूमि के बेहतर इस्तेमाल, परिवहन आधारित विकास (टीओडी), ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (टीडीआर), आवासीय पुनर्विकास, मास्टर प्लान और विकास गलियारों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा रेरा स्वीकृतियों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) से जुड़े मुद्दों पर भी विशेषज्ञ अपनी राय रखेंगे। इन चर्चाओं का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाना, परिवहन व्यवस्था को प्रभावी करना और विकास योजनाओं को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

डिजिटल गवर्नेंस और स्मार्ट शहरों पर जोर

नगरीय प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने और सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए डिजिटल गवर्नेंस पर भी चर्चा होगी। इसमें स्वचालित भवन अनुज्ञा अनुमोदन प्रणाली (एबीपीएएस), ऑनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र, विकास अनुज्ञा प्रणाली, जीआईएस आधारित नियोजन और परियोजना प्रबंधन सूचना प्रणाली जैसे विषय शामिल हैं। इन तकनीकों के इस्तेमाल से शहरी नियोजन और परियोजनाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। साथ ही, निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने और कारोबार के अनुकूल माहौल तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा पर भी चर्चा

जलवायु के अनुकूल शहरों के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए जल प्रबंधन, अमृत 2.0, नमो हरित नगर योजना, सिटी फॉरेस्ट, सेंट्रल पार्क और वायु गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे से ऊर्जा उत्पादन और कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) इकोसिस्टम को विकसित करने पर भी विशेषज्ञ अपने सुझाव देंगे। इन प्रयासों का उद्देश्य शहरों में बेहतर सुविधाओं के साथ पर्यावरण के अनुकूल विकास को प्रोत्साहित करना है।

सिंहस्थ-2028 के लिए विश्वस्तरीय तीर्थ नगरी की तैयारी

उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए कॉन्क्लेव में विश्वस्तरीय तीर्थ नगरी के विकास पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें जरूरी अधोसंरचना, परियोजनाओं के वित्तपोषण, टेंपल बॉन्ड, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर), डिजिटल ट्विन मॉडलिंग और विकास कार्यों की समयबद्ध क्रियान्वयन योजना पर चर्चा होगी। सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन को बेहतर बनाने के उपायों पर भी मंथन किया जाएगा।

विकास परियोजनाओं के लिए जुटाई जाएगी पूंजी

शहरी परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना भी कॉन्क्लेव का अहम विषय रहेगा। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), अर्बन चैलेंज फंड, ग्रीन बॉन्ड, म्युनिसिपल बॉन्ड, संयुक्त उपक्रम, बहुपक्षीय बैंकों से वित्तपोषण, अनुदान और वायबिलिटी गैप फंडिंग जैसे विकल्पों पर विचार किया जाएगा। सौर ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में निवेश, नवाचार, आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। कॉन्क्लेव से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और शहरी विकास परियोजनाओं को गति देने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

कैसे करें पंजीयन?

अर्बन कॉन्क्लेव-2026 में भाग लेने के इच्छुक निवेशक, स्टार्टअप्स और युवा आधिकारिक वेबसाइट ugconclave.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos