14 साल के आश्रित तल्लूरी ने SAT में रचा इतिहास, 1600 में 1600 स्कोर; कॉलेज लेवल की पढ़ाई भी जारी

The CSR Journal Magazine
प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती और अमेरिका के जॉर्जिया से सामने आई आश्रित तल्लूरी की कहानी इसका उदाहरण है। फुटन काउंटी में रहने वाले 14 वर्षीय आश्रित ने SAT परीक्षा में 1600 में से 1600 अंक हासिल किए हैं। SAT अमेरिका की प्रमुख कॉलेज एडमिशन परीक्षाओं में शामिल है और इसमें परफेक्ट स्कोर हासिल करना बेहद दुर्लभ माना जाता है। आश्रित ने इस उपलब्धि के लिए कई महीनों तक तैयारी की। उन्होंने ऑनलाइन स्टडी रिसोर्स का इस्तेमाल किया, ट्यूटर की मदद ली और दो दर्जन से ज्यादा प्रैक्टिस टेस्ट हल किए। मुख्य परीक्षा से पहले ही वह तीन प्रैक्टिस टेस्ट में 1600 में 1600 अंक हासिल कर चुके थे।

मिडिल स्कूल में ही पूरे किए हाईस्कूल क्रेडिट

आश्रित की शैक्षणिक उपलब्धियां SAT तक सीमित नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मिडिल स्कूल के दौरान ही 14.5 हाईस्कूल क्रेडिट पूरे कर लिए थे। उनकी क्षमता को देखते हुए उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और राइस यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेज-लेवल समर प्रोग्राम्स में भी हिस्सा लेने का अवसर मिला। उनके पिता और स्कूल काउंसलर ने उनकी शैक्षणिक क्षमता को पहचानते हुए उन्हें SAT देने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद आश्रित ने परीक्षा की तैयारी के लिए व्यवस्थित योजना बनाई और करीब पांच महीने तक लगातार पढ़ाई की।

28 से ज्यादा प्रैक्टिस टेस्ट किए

आश्रित ने जनवरी 2026 में SAT के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके बाद उन्होंने लगभग पांच महीने तक परीक्षा की तैयारी की। इस दौरान ऑनलाइन स्टडी मटीरियल के साथ ट्यूटर की मदद ली और 28 से ज्यादा प्रैक्टिस टेस्ट पूरे किए। खास बात यह रही कि मुख्य परीक्षा से पहले ही उन्होंने तीन अलग-अलग प्रैक्टिस टेस्ट में परफेक्ट 1600 स्कोर हासिल कर लिया था। जून में SAT परीक्षा देने के बाद उनके स्कोर का सत्यापन किया गया।

9वीं में पढ़ाई के साथ कॉलेज कोर्स

आश्रित फिलहाल फुटन काउंटी की इनोवेशन एकेडमी में 9वीं कक्षा के छात्र हैं। वह डुअल एनरोलमेंट के जरिए कॉलेज-लेवल कोर्स भी कर रहे हैं। पढ़ाई के अलावा उनकी रुचि हैकाथॉन, शतरंज और एविएशन में है। उनकी रुचि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस और मेडिकल रिसर्च जैसे क्षेत्रों में भी है। वे अटलांटा में आयोजित होने वाली हैकाथॉन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं और तकनीक के जरिए वास्तविक समस्याओं के समाधान पर काम करना पसंद करते हैं।

न्यूरोसर्जन बनना चाहते हैं आश्रित

आश्रित भविष्य में न्यूरोसर्जन बनना चाहते हैं। उनका लक्ष्य मेडिकल साइंस और टेक्नोलॉजी को साथ लेकर काम करना है। इसी दिशा में उन्होंने CerebroAegis नाम से एक प्रोजेक्ट भी तैयार किया है। यह स्मार्टफोन सेंसर की मदद से संभावित स्ट्रोक की स्क्रीनिंग पर केंद्रित AI आधारित तकनीक है। यह पेशेवर मेडिकल डायग्नोसिस का विकल्प नहीं है, लेकिन कम उम्र में मेडिकल रिसर्च और AI को जोड़कर प्रोजेक्ट पर काम करना उनकी तकनीकी रुचि को दिखाता है। आश्रित स्कूली पढ़ाई के साथ दूसरे छात्रों के लिए प्रैक्टिस सवाल तैयार करने में भी मदद करते हैं। 14 साल की उम्र में SAT में परफेक्ट स्कोर और कॉलेज-लेवल पढ़ाई के साथ उनकी शैक्षणिक यात्रा फिलहाल लगातार आगे बढ़ रही है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos