टाटा समूह समर्थित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ी रणनीतिक पहल करते हुए वाराणसी स्थित बुटीक होटल चेन ब्रिज होटल्स में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की है। करीब ₹225 करोड़ के इस सौदे से IHCL को आध्यात्मिक और हेरिटेज पर्यटन के तेजी से बढ़ते बाजार में मजबूत पकड़ मिलेगी। ब्रिजरामा पैलेस जैसे प्रतिष्ठित हेरिटेज होटल के जरिए पहचान बना चुके संस्थापक उदित कुमार और अनंत अपूर्व कुमार शेष हिस्सेदारी अपने पास रखेंगे और संचालन में सक्रिय रहेंगे, जिससे ब्रांड की स्थानीय विरासत और विशिष्ट पहचान बनी रहेगी।
टाटा समूह की IHCL ने वाराणसी की ब्रिज होटल्स में खरीदी बहुमत हिस्सेदारी
देश के लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में एक अहम एकीकरण के तहत टाटा समूह समर्थित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने वाराणसी स्थित बुटीक होटल चेन ब्रिज होटल्स (Brij Hotels) में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। करीब ₹225 करोड़ के इस सौदे के तहत IHCL ब्रिज होटल्स में 51 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल करेगी। यह अधिग्रहण IHCL, जो प्रतिष्ठित ताज होटल्स ब्रांड की पैरेंट कंपनी है, की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए वह बुटीक लग्ज़री, हेरिटेज और आध्यात्मिक पर्यटन के तेज़ी से बढ़ते बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
वाराणसी की विरासत से जुड़ा ब्रांड
ब्रिज होटल्स की स्थापना उदित कुमार और अनंत अपूर्व कुमार ने की थी, जो वाराणसी के प्रसिद्ध क्लार्क्स होटल परिवार से आते हैं। बीते वर्षों में इन दोनों उद्यमियों ने ब्रिज होटल्स को “हाइपरलोकल लग्ज़री” की पहचान दिलाई है, जिसमें स्थानीय संस्कृति, परंपरा और इतिहास को आधुनिक आतिथ्य के साथ जोड़ा गया है। ब्रांड की पहचान बने ब्रिजरामा पैलेस (BrijRama Palace) जो गंगा नदी के तट पर स्थित है, को देश के सबसे प्रतिष्ठित हेरिटेज लग्ज़री होटलों में गिना जाता है। यह होटल वाराणसी आने वाले उच्च श्रेणी के घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है।
सौदे की प्रमुख शर्तें
• हिस्सेदारी: IHCL को 51 प्रतिशत की नियंत्रक हिस्सेदारी,
• सौदे का मूल्य: लगभग ₹225 करोड़,
• फाउंडर्स की भूमिका: उदित कुमार और अनंत अपूर्व कुमार शेष हिस्सेदारी अपने पास रखेंगे और संचालन में सक्रिय बने रहेंगे।
IHCL और ब्रिज होटल्स, दोनों ने साफ किया है कि इस साझेदारी का उद्देश्य ब्रांड की आत्मा और स्थानीय पहचान को बनाए रखते हुए उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देना है।
IHCL पहले से ही ताज, विवांता, सेलेक्शंस और जिंजर जैसे विविध ब्रांड्स के जरिए भारत और विदेशों में मजबूत उपस्थिति रखती है। हाल के वर्षों में कंपनी ने हेरिटेज और बुटीक सेगमेंट में आक्रामक विस्तार की नीति अपनाई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, वाराणसी, अयोध्या, उज्जैन और पुरी जैसे शहरों में आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन में तेज़ उछाल आया है। ऐसे में ब्रिज होटल्स जैसे स्थानीय विरासत से जुड़े ब्रांड में निवेश, IHCL को इस उभरते सेगमेंट में बढ़त दिला सकता है।
स्थानीय पहचान बनी रहेगी प्राथमिकता
ब्रिज होटल्स के संस्थापकों ने कहा है कि IHCL के साथ यह साझेदारी पूंजी, नेटवर्क और संचालन क्षमता को मजबूत करेगी, जबकि होटल्स की स्थानीय पहचान, वास्तुकला और सांस्कृतिक अनुभव से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। IHCL प्रबंधन के अनुसार, ब्रिज होटल्स का मॉडल, जिसमें हर प्रॉपर्टी अपने शहर की कहानी कहती है, कंपनी के दीर्घकालिक विज़न से पूरी तरह मेल खाता है।
IHCL के प्रमुख लग्ज़री बुटीक व पैलेस होटल
1. ताज लेक पैलेस- उदयपुर (राजस्थान)– लेक पिचोला के बीच स्थित यह संगमरमर का महल दुनिया के सबसे खूबसूरत पैलेस होटलों में गिना जाता है। कभी मेवाड़ शासकों का ग्रीष्मकालीन महल रहा।
2. उम्मेद भवन पैलेस – जोधपुर (राजस्थान)- भारत के सबसे बड़े निजी महलों में से एक। इसका एक हिस्सा आज भी राजपरिवार का निवास है और शेष हिस्सा ताज द्वारा संचालित भव्य पैलेस होटल है।
3. रामबाग पैलेस – जयपुर (राजस्थान)– पहले जयपुर के महाराजा का निवास रहा यह महल आज विश्व-प्रसिद्ध लग्ज़री हेरिटेज होटल है।
4. ताज फलकनुमा पैलेस – हैदराबाद (तेलंगाना)– निज़ामों का ऐतिहासिक महल, जो पहाड़ी पर स्थित है। यहां शाही दावतें, दरबार हॉल और दुर्लभ कलाकृतियां देखने को मिलती हैं।
5. ताज नदेसर पैलेस – वाराणसी (उत्तर प्रदेश)– शांत वातावरण में स्थित यह बुटीक पैलेस होटल राजसी अंदाज़ और निजी अनुभव के लिए जाना जाता है।
6. ताज उषा किरण पैलेस – ग्वालियर (मध्य प्रदेश)– सिंधिया राजपरिवार का पुराना निवास, जिसे एक सुंदर हेरिटेज बुटीक होटल में बदला गया है।
7. जय महल पैलेस – जयपुर (राजस्थान)- 18वीं सदी का यह महल हरे-भरे बागानों से घिरा है और पारंपरिक राजस्थानी स्थापत्य का शानदार उदाहरण है।
8. सवाई मान महल – जयपुर (राजस्थान)– महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय का निवास रहा यह महल आज एक विशिष्ट बुटीक पैलेस होटल है।
IHCL (Taj SeleQtions) के अन्य हेरिटेज / बुटीक होटल
• रामगढ़ लॉज – जयपुर (पूर्व शिकार लॉज),
• प्रताप महल – अजमेर,
• गोरबंद पैलेस – जैसलमेर!
ये होटल छोटे पैमाने पर शाही अनुभव, स्थानीय संस्कृति और व्यक्तिगत सेवाओं के लिए जाने जाते हैं। IHCL के ये पैलेस और बुटीक होटल भारत की राजसी विरासत, इतिहास और आधुनिक लक्ज़री का अनोखा संगम हैं। यही वजह है कि इन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन हेरिटेज होटलों में गिना जाता है।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए संकेत
वाराणसी स्थित बृजरामा पैलेस होटल और IHCL का सौदा न सिर्फ IHCL और ब्रिज होटल्स के लिए, बल्कि पूरे भारतीय हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए अहम माना जा रहा है। इससे संकेत मिलता है कि बड़े कॉरपोरेट समूह अब छोटे लेकिन विशिष्ट बुटीक और हेरिटेज ब्रांड्स में निवेश को भविष्य की ग्रोथ का प्रमुख जरिया मान रहे हैं। कुल मिलाकर, टाटा समूह की यह पहल भारतीय लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है, जहां स्थानीय विरासत और वैश्विक मानकों का संगम ही सफलता की कुंजी बनेगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
India's coal production has surpassed the one-billion-tonnes mark for the second year in a row, indicating a robust fulfillment of energy requirements, as stated...
England's campaign in the Ashes series has come under significant examination due to claims regarding the team's dressing-room environment. These allegations include reports of...
Smriti Mandhana and Samrat Rana have been honored as the Sportspersons of the Year at the TOISA awards, recognizing their exceptional achievements in 2025....