Microsoft की इंटर्नशिप में हर महीने मिलेंगे 13 लाख रुपये: जानें योग्यता और आवेदन का तरीका

The CSR Journal Magazine
माइक्रोसॉफ्ट में इंटर्नशिप करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रिसर्च के क्षेत्र में एक अच्छा अवसर है। कंपनी की माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च टीम मशीन लर्निंग और स्टैटिस्टिक्स से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए रिसर्च इंटर्न की भर्ती कर रही है। इस इंटर्नशिप में चुने गए उम्मीदवारों को 12 सप्ताह तक काम करने का मौका मिल सकता है। खास बात यह है कि कुछ निर्धारित अमेरिकी लोकेशन पर मासिक भुगतान करीब 13.86 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, यह रकम सभी उम्मीदवारों को नहीं मिलेगी। स्टाइपेंड काम की लोकेशन पर निर्भर करता है।

AI और मशीन लर्निंग पर काम करने का मिलेगा मौका

माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च की मशीन लर्निंग और स्टैटिस्टिक्स टीम में इंटर्न को अनुभवी वैज्ञानिकों, रिसर्चर्स और इंजीनियरों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। यहां जेनरेटिव AI, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM), डीप लर्निंग, रीइन्फोर्समेंट लर्निंग और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर रिसर्च की जा सकती है। इस दौरान उम्मीदवारों को अपने तकनीकी ज्ञान और रिसर्च स्किल्स को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

यह इंटर्नशिप खास तौर पर रिसर्च में रुचि रखने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए है। संबंधित पद के लिए कंप्यूटर साइंस, गणित, स्टैटिस्टिक्स या अन्य संबंधित विषयों में पीएचडी कर रहे उम्मीदवारों की योग्यता मांगी गई है। चयन के लिए रिसर्च का अनुभव, तकनीकी दक्षता और मौलिक विचारों पर काम करने की क्षमता भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपना कवर लेटर, रिसर्च सैंपल और कम से कम दो रेफरेंस की जानकारी तैयार रखनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू भी शामिल हो सकता है। आवेदन करने से पहले संबंधित पद की आधिकारिक योग्यता और दस्तावेजों की शर्तें जरूर जांचें

हर महीने कितना मिलेगा स्टाइपेंड?

माइक्रोसॉफ्ट की आधिकारिक करियर जानकारी के मुताबिक, इस इंटर्नशिप के लिए मासिक भुगतान 6,810 से 13,480 अमेरिकी डॉलर तक है। भारतीय मुद्रा में यह लगभग 6.46 लाख से 12.79 लाख रुपये होता है। वहीं, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया और न्यूयॉर्क मेट्रो क्षेत्र में भुगतान 8,920 से 14,610 डॉलर यानी करीब 8.46 लाख से 13.86 लाख रुपये प्रति माह तक हो सकता है। वास्तविक रकम लोकेशन और पद की शर्तों पर निर्भर करेगी।

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

कंपनी इन रिसर्च इंटर्नशिप के लिए शैक्षणिक कैलेंडर के दौरान सितंबर से अप्रैल तक आवेदन स्वीकार करती है। आवेदन लगातार लिए जाते हैं और पद भरने तक प्रक्रिया जारी रह सकती है। संबंधित वैकेंसी कम से कम पांच दिनों के लिए खुली रहती है। इसलिए आवेदन करने से पहले माइक्रोसॉफ्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध पद, योग्यता और आवेदन की स्थिति जरूर देख लें।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos