app-store-logo
play-store-logo
February 2, 2026

Epstein Files Part-2: 30 लाख पन्नों का विस्फोट, राजघरानों से अरबपतियों तक हड़कंप, कहीं माफी तो कहीं कुर्सी गई

The CSR Journal Magazine
अमेरिका के कुख्यात यौन तस्कर जेफरी एपस्टीन से जुड़े मामले में अमेरिकी न्याय विभाग ने इस बार ऐसा दस्तावेजी बम फोड़ा है, जिसने दुनिया की ताकतवर हस्तियों की नींद उड़ा दी है. Epstein Files Part-2 के तहत 30 लाख से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए गए हैं. इन फाइलों में 2,000 से ज्यादा वीडियो और करीब 1 लाख 80 हजार तस्वीरें शामिल हैं. जैसे ही ये दस्तावेज सामने आए, राजनीति, शाही परिवारों और कॉरपोरेट जगत में हड़कंप मच गया.

ट्रंप, बिल गेट्स और राजकुमार एंड्रयू तक नाम

जारी फाइलों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स और ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर जैसे बड़े नाम दर्ज हैं. इन नामों के सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर संसदों तक सवाल उठने लगे हैं कि आखिर एपस्टीन के नेटवर्क की पहुंच कितनी गहरी थी.

नॉर्वे की राजकुमारी ने मानी गलती

सबसे चौंकाने वाला नाम नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट का है. दस्तावेजों में उनका नाम करीब 1,000 बार सामने आया है. नॉर्वेजियन मीडिया के अनुसार 2011 से 2014 के बीच एपस्टीन के साथ उनके ईमेल और बातचीत के सबूत मिले हैं. कुछ निजी और असहज चैट सार्वजनिक होने के बाद मेटे-मैरिट ने इसे अपनी “शर्मनाक दोस्ती” बताया और खुले तौर पर माफी मांगी. नॉर्वे के शाही महल ने कहा कि 2014 में ही उन्होंने एपस्टीन से संपर्क तोड़ लिया था.

शाही परिवार पर पहले से दबाव

यह खुलासा ऐसे समय आया है, जब नॉर्वे का शाही परिवार पहले ही विवादों में है. क्राउन प्रिंसेस के बेटे मारियस बोर्ग होइबी पर रेप सहित 38 गंभीर आरोपों की सुनवाई चल रही है. ऐसे में एपस्टीन फाइल्स ने शाही परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

ब्रिटेन के बदनाम राजकुमार फिर घेरे में

ब्रिटेन के पूर्व राजकुमार एंड्रयू एक बार फिर एपस्टीन घोटाले में फंस गए हैं. सामने आई तस्वीरों और आरोपों के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने साफ कहा है कि एंड्रयू को अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देनी चाहिए. पहले ही किंग चार्ल्स III उनसे शाही उपाधियां छीन चुके हैं. आरोप है कि नाबालिग लड़की की तस्करी कर उनसे यौन संबंध बनाए गए थे.

एलन मस्क के ईमेल पर सवाल

दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल एलन मस्क का नाम भी फाइलों में दर्ज है. 2012-13 के ईमेल में एपस्टीन और मस्क के बीच निजी द्वीप पर जाने को लेकर बातचीत दिखाई देती है. मस्क ने सफाई देते हुए कहा कि ईमेल्स का गलत अर्थ निकाला जा रहा है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि एपस्टीन के साथ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

इस्तीफे और माफियों का दौर

एपस्टीन कनेक्शन सामने आते ही कई कुर्सियां हिल गईं. स्लोवाकिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने इस्तीफा दे दिया. 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक प्रमुख केसी वासरमैन ने एपस्टीन की पूर्व प्रेमिका घिसलीन मैक्सवेल से पुराने ईमेल सामने आने पर माफी मांगी. वहीं अमेरिका में ब्रिटेन के पूर्व दूत पीटर मैंडेलसन ने लेबर पार्टी छोड़ दी, हालांकि उन्होंने आरोपों को झूठा बताया.

एपस्टीन फाइल्स का असर अभी बाकी

Epstein Files Part-2 ने साफ कर दिया है कि यह मामला सिर्फ एक अपराधी तक सीमित नहीं था, बल्कि ताकत, पैसे और प्रभाव का एक गहरा जाल था. आने वाले दिनों में और नाम सामने आने की आशंका है, जिससे वैश्विक राजनीति और सत्ता के गलियारों में भूचाल आना तय माना जा रहाI
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates
App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos