भारतीय वायुसेना के बेहतरीन फाइटर पायलट एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह 31 अक्टूबर 2026 से एयर चीफ मार्शल का पद संभालेंगे। वर्तमान एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेने वाले आशुतोष दीक्षित का कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
फाइटर पायलट का लंबा अनुभव, कई मेडल से सम्मानित
आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के अनुभवी फाइटर पायलटों में गिना जाता है। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, वीर मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल जैसे पुरस्कार मिले हैं। उनके पास ऑपरेशनल और कमान संबंधी जिम्मेदारियों का भी लंबा अनुभव है।
3500 घंटों से अधिक की उड़ान, रणनीतिक पदों पर काम
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आशुतोष दीक्षित ने अपने 30 साल से अधिक के करियर में करीब 3500 घंटों से अधिक की उड़ान भरी है। उन्होंने कई प्रमुख लड़ाकू विमानों जैसे एचपीटी-32, एएन-32, एवीआरओ, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस में उड़ान भरी है।
कारगिल युद्ध में निभाई थी अहम भूमिका
नए वायुसेना चीफ ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने नौंवी स्क्वाड्रन के कमान अधिकारी के तौर पर दुश्मनों के बंकर पर सटीक बम गिराए थे। उस समय वायुसेना ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ और ‘ऑपरेशन रक्षक’ का संचालन कर रही थी।
1986 में वायुसेना में हुआ था कमीशन
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना में 1986 में फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी में अपनी ट्रेनिंग ली और बांग्लादेश के डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र रह चुके हैं।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!