app-store-logo
play-store-logo
March 7, 2026

बिहार में कनेक्टिविटी की नई बयार, सुल्तानगंज-अगवानी घाट पुल से उत्तर-दक्षिण बिहार जुड़ेगा, नेपाल से व्यापार को मिलेगा नया रास्ता

The CSR Journal Magazine
Road Connectivity in Bihar: बिहार में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत भागलपुर के सुल्तानगंज और खगड़िया के अगवानी घाट के बीच गंगा नदी पर बन रहा फोर लेन पुल राज्य की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने जा रहा है। लगभग 3.16 किलोमीटर लंबा यह पुल नवंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। पुल के निर्माण के साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगा। करीब 1710 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत पुल के साथ-साथ 20 किलोमीटर लंबा एप्रोच रोड (पहुंच पथ) भी बनाया जा रहा है। इसमें लगभग 4 किलोमीटर का हिस्सा सुल्तानगंज की ओर और 16 किलोमीटर का हिस्सा अगवानी घाट की ओर तैयार किया जा रहा है।

क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बल

बिहार पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इस पुल के बन जाने से बिहार के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच सीधा और तेज संपर्क स्थापित होगा। इसके साथ ही झारखंड और पश्चिम बंगाल से सड़क संपर्क भी मजबूत होगा। इतना ही नहीं, बेहतर सड़क नेटवर्क के जरिए बिहार और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा होगा।

Road Connectivity in Bihar: कांवड़ियों की यात्रा होगी आसान

सुल्तानगंज से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए हर साल श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु गंगा जल लेकर कांवड़ यात्रा करते हैं। सुल्तानगंज-अगवानी घाट पुल बनने के बाद इन कांवड़ियों की यात्रा और अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी। इससे समय की बचत होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।

Road Connectivity in Bihar: किसानों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

भागलपुर, खगड़िया और आसपास के जिलों में किसान बड़े पैमाने पर गन्ना, मक्का, आलू, केला, आम, धान-गेहूं और दलहन जैसी फसलों की खेती करते हैं। पुल बनने के बाद इन कृषि उत्पादों के परिवहन और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की संभावना है। इसके अलावा औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।

एनएच-31 पर बनेगा रेलवे ओवरब्रिज

पुल के एप्रोच रोड को सुगम बनाने के लिए एनएच-31 पर पसराहा के पास रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक रोटरी और ग्रेड सेपरेटर भी बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद खगड़िया, भागलपुर, पूर्णिया और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और लोगों को तेज व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। कुल मिलाकर, सुल्तानगंज-अगवानी घाट फोर लेन पुल बिहार की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होने जा रहा है, जो राज्य के साथ-साथ अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी नई दिशा देगा।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 
Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos