app-store-logo
play-store-logo
February 28, 2026

ईरान पर अमेरिका–इजराइल का संयुक्त हमला, तेहरान समेत कई शहरों में धमाके; दोनों देशों ने हवाई क्षेत्र बंद किए

The CSR Journal Magazine
ईरान पर अमेरिका और इजराइल ने संयुक्त सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। राजधानी तेहरान सहित कई शहरों में धमाकों की खबर है। इजराइल ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘बड़े युद्ध अभियान’ की बात कही। जवाबी कार्रवाई की आशंका के बीच दोनों देशों ने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं।

‘पहले हमला’ और आपातकाल  इजराइल की बड़ी घोषणा

ईरान पर हमले की पहली पुष्टि इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने की। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि इजराइल ने “सतर्कता बरतते हुए पहले हमला” किया है। इसके साथ ही पूरे देश में ‘विशेष और स्थायी आपातकाल’ लागू करने की घोषणा कर दी गई। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, संभावित जवाबी हमले को देखते हुए पूरे देश में अलर्ट जारी किया गया है। नागरिकों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इजराइल डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने भी आपात गाइडलाइंस जारी कर दी हैं, जिनके तहत जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई गई है। स्कूल, सार्वजनिक जमावड़े और गैर-जरूरी कार्यस्थलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

तेहरान में गूंजे धमाके, कई शहरों में विस्फोट की खबर

ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई बड़े शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। सरकारी समाचार एजेंसी Fars News Agency ने तेहरान के डाउनटाउन इलाके में कई विस्फोटों की पुष्टि की है। एजेंसी ने दानेशगाह स्ट्रीट और जम्हूरी क्षेत्र में मिसाइल गिरने की शुरुआती रिपोर्ट दी है। तेहरान के अलावा करमानशाह, क़ोम, लोरेस्तान, कराज और तबरीज़ में भी धमाकों की सूचना सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है, हालांकि आधिकारिक तौर पर नुकसान और हताहतों का पूरा ब्यौरा जारी नहीं किया गया है। स्थिति को देखते हुए ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन ने पूरे देश का हवाई क्षेत्र अगली सूचना तक बंद कर दिया है।

ट्रंप का दावा ‘बड़ा युद्ध अभियान’, मिसाइल उद्योग को मिटा देंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक वीडियो जारी कर हमले में अमेरिका की भागीदारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान में “बड़ा युद्ध अभियान” शुरू किया है। ट्रंप ने कहा, “हमारा लक्ष्य ईरानी शासन से उत्पन्न खतरे को खत्म कर अमेरिकी जनता की रक्षा करना है। हमने डील करने की कोशिश की, लेकिन अब हम उनकी मिसाइलों को नष्ट करेंगे और उनके मिसाइल उद्योग को मिट्टी में मिला देंगे।” ट्रंप पहले भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दे पर बातचीत में ईरान की स्थिति से वह संतुष्ट नहीं थे। जिनेवा में हाल ही में हुई परोक्ष वार्ता के बावजूद अमेरिका ने सैन्य विकल्प खुला रखा।

परमाणु कार्यक्रम को लेकर बढ़ा तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का मुख्य कारण तेहरान का परमाणु कार्यक्रम है। वॉशिंगटन लंबे समय से नई परमाणु डील के लिए दबाव बना रहा है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यदि कूटनीतिक प्रयास विफल होते हैं, तो अमेरिका “तेजी और कठोरता” के साथ कार्रवाई करने के लिए तैयार है। हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि इस सैन्य कार्रवाई से मिडिल ईस्ट में व्यापक संघर्ष का खतरा बढ़ सकता है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह लंबी लड़ाई का रूप ले सकता है, तो उन्होंने स्वीकार किया कि “जब युद्ध होता है, तो हर चीज का जोखिम होता है।”

हवाई क्षेत्र बंद, आम जनता को सतर्क रहने की सलाह

हमले के बाद इजराइल और ईरान दोनों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र नागरिक विमानों के लिए बंद कर दिए हैं। इजराइली सेना ने पूरे देश में एयर रेड सायरन बजाए और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। आईडीएफ ने कहा है कि होम फ्रंट कमांड गाइडलाइंस में बदलाव करते हुए देशभर में केवल जरूरी सेवाओं को जारी रखने की अनुमति दी गई है। नागरिकों को आधिकारिक आपातकालीन पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उधर, ईरान में भी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। संभावित जवाबी हमले की आशंका के बीच पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।

क्षेत्रीय स्थिरता पर बड़ा असर

अमेरिका और इजराइल की इस संयुक्त कार्रवाई ने मिडिल ईस्ट की राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति को और जटिल बना दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जवाबी हमले तेज होते हैं, तो इसका असर वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की निगाहें तेहरान, वॉशिंगटन और तेल अवीव पर टिकी हैं, जहां से आने वाले हर बयान से आगे की दिशा तय होगी।

Latest News

Popular Videos