सत्य निकेतन में पूरी रात चला मौत का मलबा हटाने का अभियान, छह की गई जान; अब बिल्डिंग मालिक पर FIR और मजिस्ट्रियल जांच

The CSR Journal Magazine
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को पीजी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक इमारत के अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद पूरी रात राहत और बचाव अभियान चलाया गया। मलबे में अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है।

स्निफर डॉग्स की मदद से तलाश जारी

रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ की चार टीमें लगातार बारी-बारी से काम कर रही हैं। मलबे में दबे लोगों और पीड़ितों की संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है। अब तक मलबे से 13 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। बेसमेंट वाले हिस्से में भी तलाशी अभियान चलाया जाना बाकी है।

रेनोवेशन के दौरान ढही बिल्डिंग

पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इसी दौरान इमारत के ढहने की घटना हुई। यह परिसर पीजी के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और लापरवाही समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही बिल्डिंग मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कथित मालिक हरिराम बंसल और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

MCD की कार्रवाई और ABVP का प्रदर्शन

हादसे के बाद एमसीडी ने इमारत को जर्जर और खतरनाक बताते हुए उसे गिराने का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर एमसीडी खुद इमारत को गिरा सकती है और खर्च की वसूली संपत्ति मालिक से की जाएगी। वहीं, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एमसीडी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और इस्तीफे की मांग की।

AIIMS में घायलों का इलाज

हादसे में घायल 11 मरीजों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था। अस्पताल के अनुसार पांच लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि एक गंभीर घायल की इलाज के दौरान मौत हुई। तीन मरीज अभी भर्ती हैं। एक मरीज के पैर और हाथ के अंग की सर्जरी की गई है, जबकि मामूली चोट वाले एक मरीज को निगरानी के बाद छुट्टी दे दी गई।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos