शिवपुर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा!
कपड़े सुखाने को लेकर बढ़ा विवाद, महिला की गई जान
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां छत पर कपड़े सुखाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो महिलाओं के बीच जानलेवा झगड़े में बदल गया। इस हादसे में 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक ही किराए के मकान में रहने वाली दो महिलाएं छत पर कपड़े सुखाने को लेकर आपस में उलझ गईं। शुरुआत में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे पर कपड़े फेंके और हाथापाई करने लगीं। इसी दौरान एक महिला ने दूसरी को धक्का दे दिया।
एक की मौत , एक गंभीर रूप से घायल
धक्का लगने से गिरती हुई महिला ने खुद को संभालने के लिए दूसरी महिला की साड़ी पकड़ ली, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ीं। गिरने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक 22 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर थी। घायल महिला के कमर, हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अक्सर होते थे पड़ोसिनों में झगड़े
मृतका की पहचान ज्योति प्रजापति (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति तेज बहादुर के साथ मुर्दहा बाजार के हटिया गांव में किराए के मकान में रहती थीं। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनमें एक मात्र दो महीने की नवजात बच्ची है। वहीं, घायल महिला की पहचान शम्सुल बेगम उर्फ सुमन के रूप में हुई है, जो उसी मकान में रहती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों महिलाओं के बीच छत पर कपड़े सुखाने को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। ज्योति के पति ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम दोनों महिलाएं एक साथ छत पर पहुंचीं, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते यह हादसा हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शुरू की कार्यवाही
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्योति के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल महिला का इलाज जारी है। घटना के बाद ज्योति के पति गहरे सदमे में हैं और अपनी दो छोटी बेटियों की देखभाल को लेकर बेहद परेशान नजर आए। पड़ोसियों ने ज्योति को शांत और मिलनसार स्वभाव की महिला बताया, जबकि दोनों महिलाओं के बीच अक्सर तनाव रहने की बात भी कही। शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल व कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!