महाराष्ट्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं (Maharashtra Emergency Medical Services) को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। महाराष्ट्र शासन की आपातकालीन चिकित्सा सेवा परियोजना के तहत नई 108 एंबुलेंस जल्द ही सरकारी सेवा में शामिल की जाएंगी। इनमें आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही जरूरी इलाज मिल सकेगा।
Maharashtra to get New Ambulance: 1756 एंबुलेंस होंगी सरकारी सेवा में शामिल
महाराष्ट्र सरकार की योजना के तहत कुल 1756 नई एंबुलेंस सरकारी सेवा में शामिल की जाएंगी। इनमें से 256 एंबुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट की सुविधा से लैस होंगी, जबकि बाकी 1200 एंबुलेंस सामान्य आपातकालीन सेवा के लिए इस्तेमाल की जाएंगी। इन एंबुलेंस को जल्द से जल्द नागरिकों की सेवा में उतारने की तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में आज नई एंबुलेंस की जांच और निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जरूरी बदलाव और सुधार के सुझाव भी दिए गए।
एंबुलेंस में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सरकार के मुताबिक ये सभी एंबुलेंस पूरी तरह भारतीय निर्माण वाली हैं। इनमें मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के साथ आपात स्थिति में प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इन एंबुलेंस में ईसीजी, ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर, पल्स ऑक्सीमीटर, सक्शन पंप और ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम जैसी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। इसके अलावा एंबुलेंस से अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से सीधे बातचीत करने की सुविधा भी होगी। इससे गंभीर मरीजों की स्थिति की जानकारी अस्पताल के डॉक्टरों तक तुरंत पहुंचाई जा सकेगी और मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही आगे के इलाज की तैयारी की जा सकेगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा अभियान
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत महाराष्ट्र में भी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सरकार का प्रयास है कि नई एंबुलेंस में से 150 एंबुलेंस जल्द ही नागरिकों की सेवा में शामिल कर दी जाएं। इसी तैयारी को लेकर एंबुलेंस का निरीक्षण किया गया और जरूरी सुधारों के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
नई 108 एंबुलेंस के सेवा में आने से खासकर दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलने की उम्मीद है। एडवांस लाइफ सपोर्ट वाली एंबुलेंस में गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाते समय जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर, परिवार कल्याण आयुक्त एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के संचालक संजय काटकर, उपमुख्यमंत्री कार्यालय के प्रधान सचिव नवीन सोना, सुमित फैसिलिटीज के निदेशक सुमित सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नई एंबुलेंस को चरणबद्ध तरीके से सरकारी स्वास्थ्य सेवा में शामिल किए जाने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य आपात स्थिति में मरीजों तक तेज और बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!