जौनपुर में दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज और जनपद पुलिस के आधिकारिक ई-मेल पर आए धमकी भरे संदेश के बाद पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया। पुलिस ने मौके पर बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड के साथ सघन जांच अभियान चलाया।

ई-मेल से मिली धमकी, मचा हड़कंप

जौनपुर जिले में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब जिला जज और जनपद पुलिस के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। मेल में दीवानी न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन के गेट नंबर एक को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे न्यायालय परिसर में तत्काल सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।

परिसर कराया गया खाली, बम स्क्वायड तैनात

धमकी के बाद प्रशासन ने एहतियातन दीवानी न्यायालय परिसर को तुरंत खाली करा दिया। अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस लाइन क्षेत्र में भी गहन जांच की गई। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर हर कोने की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री से रुपये भेजने की मांग

धमकी भरे ई-मेल में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम का उल्लेख करते हुए पांच मोबाइल नंबरों पर एक-एक लाख रुपये भिजवाने की मांग की गई है।

मेल में कहा गया कि यदि यह राशि नहीं भेजी गई तो 17 फरवरी को दोपहर 1:00 से 2:00 बजे के बीच न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन के गेट नंबर एक को बम से उड़ा दिया जाएगा। मेल में जिन पांच व्यक्तियों के मोबाइल नंबर दिए गए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है।

जिला जज का प्रशासकीय आदेश, सुरक्षा बढ़ाई गई

जिला जज सुशील कुमार शशि ने इस संबंध में तत्काल प्रशासकीय आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया कि न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अराजक तत्वों द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिवक्ताओं और वादकारियों की उपस्थिति में कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए तथा जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए।

पुलिस अधीक्षक को न्यायालय परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की धमकियों से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।