ग्रेटर नोएडा की PNB ब्रांच में फर्जीवाड़े का खुलासा, खाताधारक समय से पहले FD तुड़वा रहे हैं।

The CSR Journal Magazine
ग्रेटर नोएडा के पीएनबी बैंक में करोड़ों रुपये के फर्जी लेनदेन की खबर ने खाताधारकों में चिंता बढ़ा दी है। लोग अपनी मेहनत की कमाई और भविष्य की जरूरतों के लिए जमा रकम को सुरक्षित मानते थे, लेकिन अब वे अपने खातों की स्थिति जानने के लिए बैंकों में पहुंच रहे हैं। कई खाताधारक समय से पहले फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर अपनी रकम निकाल रहे हैं। उनका डर है कि कहीं उनके खातों से भी अवैध लेनदेन न हो गया हो।

बैंक में बढ़ी पूछताछ, खाताधारक बैलेंस चेक कर रहे हैं

बैंक मैनेजरों के अनुसार, फर्जीवाड़े की खबर के बाद से ग्राहकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोग अब मोबाइल पर बैलेंस चेक करने के बजाय बैंक जाकर अपने खातों की जानकारी ले रहे हैं। एक खाताधारक ने बताया कि उनकी बेटी की शादी है और शादी के लिए जमा रकम FD में थी। लेकिन फर्जीवाड़े की खबर सुनकर उन्होंने FD तुड़वाकर पैसे घर रख लिए।

मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी में बदलाव का आरोप, लॉकर में जेवरात गायब, शिकायतें बढ़ी

खाताधारकों का आरोप है कि बैंक प्रबंधक और कर्मचारी उनके खातों से रकम ट्रांसफर करते समय मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी बदल रहे थे। ऐसा करने का मकसद लेनदेन की जानकारी खाताधारकों तक पहुंचने से रोकना था। इस मामले में कई लोग बैंक के खिलाफ शिकायतें भी दर्ज करवा रहे हैं। इसी बीच, लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब होने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। बिरौड़ी गांव के निवासी अजीपाल ने बताया कि उनकी 35 लाख 34 हजार रुपये की FD के बारे में बैंक से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। इसके अलावा, उनके लॉकर में रखे करीब 15 तोले सोने और एक किलो चांदी के जेवरात भी गायब हो गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी, महिला कर्मचारी की तलाश

बताया जा रहा है कि जिन महिला कर्मचारियों ने कई खाताधारकों को प्रभावित कर FD कराई थी, वे अपने परिवार के साथ गायब हो गई हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। इसके अलावा, दूसरे राज्यों के बैंकों में भी रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली है, जिसके बाद साइबर सेल को जांच में लगाया गया है। बैंक की ओर से खाताधारकों को आश्वासन दिया गया है कि 48 घंटे के भीतर उनकी FD की रकम लौटाई जाएगी। हालांकि, खाताधारकों की चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही है।

30 शिकायतें, 18 पर केस दर्ज

बीटा-2 कोतवाली पुलिस को अब तक 30 शिकायतें मिल चुकी हैं, जिनमें से 18 पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को 12 नई शिकायतें भी आई हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बैंक से रकम गायब होने की शिकायत करने वालों की तहरीर को मुकदमे में शामिल किया जा रहा है।

लोग दूसरे बैंकों में कर रहे हैं ट्रांसफर

खाताधारक अब दूसरे बैंकों में अपने खाते खोलने और रकम ट्रांसफर करने लगे हैं। एक खाताधारक विपिन भाटी ने बताया कि उन्होंने अपनी रकम दूसरे बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दी है। इस घटना ने लोगों में बैंकिंग प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store – https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos