PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का बड़ा अभियान, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य

The CSR Journal Magazine
बिहार शरीफ के सर्किट हाउस में गुरुवार को बीजेपी की विशेष प्रेस वार्ता हुई। प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के करीब 25 वर्षों के सेवा कार्यों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना है। अभियान के जरिए बीजेपी कार्यकर्ता अलग-अलग सेवा गतिविधियों के माध्यम से लोगों से जुड़ेंगे।

25 करोड़ दीये जलाकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस दिन युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी के मुताबिक, सरकारी योजनाओं का लाभ ले चुके लाभार्थियों के घरों में देशभर में कुल 25 करोड़ दीये जलाने की तैयारी है। पार्टी का दावा है कि इस आयोजन के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इन दीयों को लाभार्थियों और देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को उनके लंबे सार्वजनिक सेवा कार्यों के लिए आशीर्वाद के तौर पर समर्पित किया जाएगा।

स्कूल-कॉलेज में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

अभियान के तहत युवाओं और छात्रों को भी जोड़ा जाएगा। 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्कूल और कॉलेजों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ‘कहानी बदलाव की’ थीम पर संगीतमय नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें केंद्र सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं को दिखाया जाएगा। पार्टी के मुताबिक, इन कार्यक्रमों का पंचायत स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सोशल मीडिया के जरिए भी प्रचार किया जाएगा।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ से गांवों तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। बच्चों के बीच फल और मिठाइयां भी बांटी जाएंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा गांवों से शुरू होकर जिला मुख्यालयों तक पहुंचेगी। वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लोगों से कम से कम 25 मिनट सेवा कार्यों के लिए देने की अपील की जाएगी। इसमें सफाई, स्वास्थ्य और समाजसेवा से जुड़े दूसरे कामों को शामिल किया जाएगा।

वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल

BJP ने अभियान के दौरान उन लोगों तक पहुंचने की भी योजना बनाई है, जो अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं। इसके लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र होने पर लाभ दिलाने में मदद करेंगे। इसके अलावा 1 से 7 अक्टूबर तक अलग-अलग जगहों पर स्वास्थ्य समेत विभिन्न तरह के ‘सेवा शिविर’ लगाए जाएंगे।

17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से होगा समापन

अभियान में ‘सेवा के रंग’ के तहत घर-घर रंगोली और ‘इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी का कहना है कि इन गतिविधियों के जरिए युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इस दिन पंचायत, ब्लॉक, जिला, विधानसभा और संसद स्तर पर एक साथ बैठकें आयोजित करने की योजना है। इनमें सरकारी योजनाओं और अभियान की गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos