BIS के बिना नहीं बिकेगा Mobile Tempered Glass, 1 अप्रैल 2027 से Screen Guard पर नया नियम

The CSR Journal Magazine
अगर आप स्मार्टफोन के लिए सस्ता स्क्रीन गार्ड या टेम्पर्ड ग्लास खरीदते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। सरकार ने मोबाइल स्क्रीन प्रोटेक्टर की गुणवत्ता को लेकर नए अनिवार्य मानक तय किए हैं। अब बिना BIS रजिस्ट्रेशन वाले मोबाइल स्क्रीन प्रोटेक्टर की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी है। नए नियम देशभर में 1 अप्रैल 2027 से लागू होंगे।

Mobile Tempered Glass के लिए तय हुआ नया मानक

सरकार ने स्मार्टफोन के ग्लास स्क्रीन प्रोटेक्टर के लिए IS 19348:2025 (Glass Screen Protector — Specification) को नया गुणवत्ता मानक बनाया है। इसके तहत बाजार में बिकने वाले स्क्रीन प्रोटेक्टर की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच तय मानकों के आधार पर की जाएगी। यह कदम मोबाइल फोन के साथ इस्तेमाल होने वाले स्क्रीन गार्ड और टेम्पर्ड ग्लास की गुणवत्ता में एकरूपता लाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

BIS रजिस्ट्रेशन होगा जरूरी

नए नियमों के तहत मोबाइल स्क्रीन प्रोटेक्टर को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अनिवार्य गुणवत्ता ढांचे के तहत लाया गया है। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी सामान के अनिवार्य पंजीकरण से जुड़े 2021 के आदेश में संशोधन किया गया है। सरकार द्वारा तय समयसीमा के मुताबिक नए प्रावधान 1 अप्रैल 2027 से पूरे देश में प्रभावी होंगे। इसके बाद निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले स्क्रीन प्रोटेक्टर की बिक्री पर कार्रवाई की जा सकेगी।

टेम्पर्ड ग्लास में इन चीजों की होगी जांच

नए मानक में स्क्रीन प्रोटेक्टर की गुणवत्ता जांच के लिए कई महत्वपूर्ण मापदंड तय किए गए हैं। इनमें ग्लास की मजबूती, मोटाई और निर्धारित आयाम शामिल हैं। इसके अलावा स्क्रीन प्रोटेक्टर में इस्तेमाल होने वाली एंटी-शटर फिल्म और ओलेओफोबिक कोटिंग जैसे फीचर्स की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा। ओलेओफोबिक कोटिंग का इस्तेमाल स्क्रीन पर उंगलियों के निशान और तेल को कम करने के लिए किया जाता है।

ग्राहकों को क्या फायदा होगा?

बाजार में अलग-अलग कीमत और गुणवत्ता वाले स्क्रीन गार्ड उपलब्ध हैं। नए मानकों के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पाद मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि 1 अप्रैल 2027 के बाद मोबाइल स्क्रीन प्रोटेक्टर खरीदते समय ग्राहक BIS मानक और पंजीकरण से जुड़ी जानकारी पर भी ध्यान दे सकेंगे। इससे घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।

कंपनियों और विक्रेताओं के लिए भी अहम बदलाव

नए नियमों का असर स्क्रीन प्रोटेक्टर बनाने वाली कंपनियों, आयातकों और बाजार में इसकी बिक्री करने वाले कारोबारियों पर भी पड़ेगा। उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने और लागू BIS आवश्यकताओं का पालन करना होगा। यानी आने वाले समय में स्मार्टफोन का छोटा-सा टेम्पर्ड ग्लास भी तय गुणवत्ता मानकों के दायरे में होगा। नए नियम लागू होने के बाद बिना जरूरी अनुपालन वाले स्क्रीन प्रोटेक्टर की बिक्री पर रोक प्रभावी हो जाएगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
App Store –  https://apps.apple.com/in/ app/newspin/id6746449540
Google Play Store – https://play.google.com/store/ apps/details?id=com. inventifweb.newspin& pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos