UP International Trade Show 2026: ग्रेटर नोएडा में UPITS 2026 का आगाज, अमित शाह और CM योगी ने किया उद्घाटन; 72 देशों से पहुंचे खरीदार

The CSR Journal Magazine
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण का आगाज हो गया। पांच दिन चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने के बड़े मंच के तौर पर पेश किया जा रहा है। आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है।

UP International Trade Show 2026: पहली बार छह देश बने साझेदार

इस साल ट्रेड शो में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार साझेदार देशों के तौर पर शामिल हो रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से व्यापारिक साझेदारी, तकनीकी सहयोग, निवेश और नए बाजारों तक यूपी के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के अवसर मिलने की उम्मीद है। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों के बीच B2B बैठकें भी होंगी। इसके साथ ही अलग-अलग सेक्टर से जुड़े नीति सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें निवेश और कारोबारी विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 85 देशों के खरीदारों पर नजर

आयोजकों के मुताबिक इस बार ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 1.5 लाख से ज्यादा B2B खरीदारों और आगंतुकों तथा करीब 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों के आने का अनुमान है। वहीं, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। Hosted Buyer Program के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और खरीद से जुड़े अधिकारियों को प्रदेश के कारोबारियों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

ODOP के साथ इस बार One District, One Cuisine

UP International Trade Show 2026 में इस बार One District, One Product (ODOP) के साथ One District, One Cuisine को भी विशेष पहचान दी जा रही है। इसके तहत यूपी के अलग-अलग जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश-विदेश के सामने पेश किया जाएगा। प्रदेश में 96 लाख से अधिक MSME इकाइयां हैं। ऐसे में ट्रेड शो को छोटे और मध्यम कारोबारियों के लिए नए बाजार, निवेश और व्यावसायिक विस्तार के अवसर तलाशने के मंच के रूप में देखा जा रहा है।

यूपी के उत्पादों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

UPITS का उद्देश्य केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है। इसके जरिए प्रदेश के कारोबारियों को विदेशी खरीदारों से सीधे संपर्क, निर्यात के नए अवसर और निवेश की संभावनाओं से जोड़ने पर जोर है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में व्यापारिक बैठकों के साथ विभिन्न सेक्टर से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। इस आयोजन से यूपी के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थों और दूसरे कारोबारी क्षेत्रों को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos