Internship vs Apprenticeship Difference: इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप में क्या अंतर है? करियर की शुरुआत के लिए क्या सही?

The CSR Journal Magazine
Internship vs Apprenticeship: पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि अब आगे क्या करें? किताबों और क्लासरूम की चारदीवारी से निकलकर प्रोफेशनल दुनिया में कदम रखने के लिए प्रैक्टिकल अनुभव की जरूरत पड़ती है. यह अनुभव हासिल करने के लिए 2 रास्ते बेस्ट हैं- इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप. अक्सर लोग इन दोनों को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन हकीकत में इनके उद्देश्य, काम करने का तरीका और मिलने वाले फायदे बिल्कुल अलग होते हैं.

इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप: करते हैं क्या?

अगर आप भी उलझन में हैं कि इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप में से क्या करें तो सबसे पहले इनके मतलब समझना जरूरी है. सही जानकारी न होने पर युवा गलत ऑप्शन चुन लेते हैं. इंटर्नशिप आमतौर पर कॉर्पोरेट कल्चर, डेस्क जॉब्स, मीडिया, मार्केटिंग या सॉफ्टवेयर जैसी फील्ड्स से जुड़ी होती है. इसमें किसी कंपनी में कुछ हफ्तों या महीनों तक काम सीखते हैं. वहीं, अप्रेंटिसशिप टेक्निकल, मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेड और स्किल बेस्ड जॉब्स से जुड़ी होती है. इसमें सरकार या नियमों के तहत तयशुदा ट्रेनिंग और कॉन्ट्रैक्ट होता है.

इंटर्नशिप: एक प्रभावशाली शुरुआत

इंटर्नशिप स्टूडेंट्स या फ्रेशर्स के लिए शॉर्ट टर्म प्रोफेशनल एक्सपीरियंस प्रोग्राम है. इसकी अवधि कुछ हफ्तों से 6 महीने तक की हो सकती है. अगर आप मैनेजमेंट, मास मीडिया, IT, डेटा एनालिसिस या फाइनेंस जैसी फील्ड में हैं तो किसी कंपनी में बतौर इंटर्न काम करते हैं. यहां आपका मकसद किसी प्रोजेक्ट को समझना, ऑफिस के माहौल में ढलना और रिज्यूमे को मजबूत करना होता है. जरूरी नहीं कि हर इंटर्नशिप के बाद कंपनी पक्की नौकरी (PPO – Pre-Placement Offer) दे, लेकिन यह भविष्य के लिए तैयार कर देती है.

अप्रेन्टिसशिप: तकनीकी क्षेत्रों के लिए बेहतरीन विकल्प

अप्रेंटिसशिप कानूनी रूप से रेगुलेटेड ट्रेनिंग स्कीम है. यह नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए चलाई जाती है. किसी खास ट्रेड, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल या तकनीकी स्किल्स में माहिर होना चाहते हैं तो यह बेस्ट है. इसकी अवधि 1-2 साल या उससे लंबी भी हो सकती है. इसमें स्किल सिखाने वाले मास्टर या सीनियर कारीगर/इंजीनियर के साथ जमीनी स्तर पर काम करना होता है. कई अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम में ट्रेनिंग पूरी होने के बाद परमानेंट जॉब मिलने की उम्मीद रहती है.

Internship vs Apprenticeship: महत्वपूर्ण अंतर

इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के बेसिक मतलब समझने के बाद इनके बीच के कुछ सबसे अहम अंतर समझना जरूरी है. इससे आपके लिए यह फैसला लेना आसान हो जाएगा कि दोनों में से क्या करें. पहला, उद्देश्य: इंटर्नशिप का मकसद थ्योरी को कॉरपोरेट प्रैक्टिस में बदलना है, जबकि अप्रेंटिसशिप का मकसद किसी खास ट्रेड में पूरी तरह मास्टर बनाना है. दूसरा, अवधि: इंटर्नशिप आमतौर पर छोटी (1-6 महीने) होती है, जबकि अप्रेंटिसशिप लंबी (1-3 साल) और तय कॉन्ट्रैक्ट के तहत होती है.

आपके लिए सही विकल्प क्या है?

फायदे की बात करें तो यह आपके करियर गोल्स पर निर्भर करता है. अगर आप डेस्क जॉब, मैनेजमेंट, क्रिएटिव फील्ड या सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में जाना चाहते हैं तो इंटर्नशिप बेहतरीन जरिया है. इसके उलट, अगर आप तकनीकी क्षेत्र (Technical Field), आईटीआई (ITI), डिप्लोमा या इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं और स्किल्स सीखकर तुरंत रोजगार या पक्की नौकरी पाना चाहते हैं तो अप्रेंटिसशिप सोने पर सुहागा साबित होगी. सही चुनाव ही करियर की नींव को मजबूत करता है.

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/app/newspin/id6746449540 

Google Play Store – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.inventifweb.newspin&pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos