रंगों के त्योहार होली से पहले बिहार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। साफ संदेश दे दिया गया है होली के नाम पर हुड़दंग, सड़क पर बाइक रेसिंग या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी। डीजीपी विनय कुमार के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। खासतौर पर पटना समेत संवेदनशील शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि Law & Order पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
हर दो घंटे में रिपोर्ट, कंट्रोल रूम सक्रिय
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम गठित कर दिए हैं। निर्देश है कि हर दो घंटे पर स्थिति की समीक्षा की जाए और किसी भी घटना की सूचना तुरंत डीजीपी कंट्रोल रूम को दी जाए। एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने एसपी को संवेदनशील इलाकों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त बल और दंडाधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। पिछले तीन वर्षों में जहां-जहां होली के दौरान तनाव या हिंसक घटनाएं हुई थीं, उन स्थानों को चिन्हित कर विशेष रणनीति बनाई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दो समुदायों के बीच किसी भी तरह के विवाद को गंभीरता से लिया जाएगा।
निरोधात्मक कार्रवाई और सख्त धाराएं लागू
पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, संभावित विवाद वाले इलाकों में BNSS की धारा 126, 135 और 170 के तहत शरारती तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सीसीए (Crime & Criminal Act) की धारा-3 के तहत भी कड़ी कार्रवाई होगी। संदिग्ध लोगों के मोबाइल फोन सर्विलांस पर रखने और खुफिया जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। थाना स्तर पर भूमि विवाद, पुरानी दुश्मनी और आपराधिक मामलों की समीक्षा की जा रही है, क्योंकि होली के दौरान ऐसे मामलों में झड़प की आशंका रहती है।
उग्रवाद प्रभावित जिलों में खास चौकसी
उग्रवाद प्रभावित इलाकों में पुलिस पिकेट, थानों, रेलवे स्टेशन, जेल और सरकारी प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। गश्ती दलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह पर भी नजर रखने को कहा गया है, ताकि बाहर से लौट रहे प्रवासी मजदूरों को लूटपाट से बचाया जा सके।
इतना पुलिस बल तैनात
राज्यभर में 12 कंपनी रेंज रिजर्व बल, 31 कंपनी बिहार सशस्त्र पुलिस (BISAP), 2768 पीटीसी प्रशिक्षु सिपाही, 5100 होमगार्ड और 3 कंपनी केंद्रीय पुलिस बल तैनात किए गए हैं। सबसे ज्यादा बल पटना में लगाया गया है 3 कंपनी रेंज रिजर्व, 3 कंपनी बीसैप, 535 नए सिपाही और 400 होमगार्ड। दरभंगा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, रोहतास, बक्सर, गया और मोतिहारी में भी अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
स्पष्ट संदेश: शांति भंग की कोशिश नहीं होगी सफल
पुलिस ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा और वरीय अधिकारी खुद मौके पर पहुंचेंगे। बिहार पुलिस का कहना है कि Safe Holi Celebration सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। इस बार रंगों के त्योहार पर कानून तोड़ने वालों के लिए कोई ढील नहीं होगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
Maharashtra Cotton News: महाराष्ट्र के कपास उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने राज्य में कपास खरीद (Cotton Procurement)...