घर में पड़ा ये कबाड़ हो सकता है सोने की खान! पुराने मोबाइल से CPU तक, इन 10 चीजों में छिपा है Gold

The CSR Journal Magazine
क्या आपके घर में पुराना मोबाइल, खराब CPU, RAM या कोई पुराना कंप्यूटर पड़ा है? अगर हां, तो उसे सिर्फ कबाड़ समझकर फेंकने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लीजिए। इलेक्ट्रॉनिक कचरे यानी ई-वेस्ट में कई ऐसी कीमती धातुएं मौजूद होती हैं, जिनकी कीमत काफी ज्यादा है। इनमें सोना भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कुछ सर्किट बोर्ड, कनेक्टर और कॉन्टैक्ट्स पर सोने की बेहद पतली परत का इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि बड़े पैमाने पर ई-वेस्ट की रिसाइक्लिंग करने वाली कंपनियां इन उपकरणों से सोना और दूसरी धातुएं रिकवर करती हैं।

इन 10 इलेक्ट्रॉनिक चीजों में मिलता है सोना

सबसे ज्यादा सोना पुराने मोबाइल फोन और कंप्यूटर के कुछ हिस्सों से निकाला जाता है। इसके अलावा पुराने CPU, RAM, मेमोरी मॉड्यूल और लैपटॉप के PCB में भी कीमती धातुएं मिलती हैं। इसके अलावा सर्वर, डेटा सेंटर के उपकरण, राउटर, मॉडेम, सर्किट बोर्ड, ग्राफिक कार्ड और प्रिंटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान के कुछ कंपोनेंट में भी सोने की परत इस्तेमाल की जाती है। हालांकि हर डिवाइस में सोने की मात्रा एक जैसी नहीं होती। यह उसके मॉडल, उम्र, कंपोनेंट और PCB की गुणवत्ता पर निर्भर करती है।

10 लाख मोबाइल से 34 किलो तक सोना

ई-वेस्ट में मौजूद सोने की मात्रा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिपोर्ट में अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि 10 लाख पुराने मोबाइल फोन को रिसाइकिल करने पर करीब 34 किलो सोना रिकवर किया जा सकता है। इसी तरह एक टन खराब मोबाइल फोन से करीब 340 ग्राम सोना निकलने का आंकड़ा दिया गया है। मोबाइल से सोने के अलावा तांबा, चांदी और पैलेडियम जैसी दूसरी कीमती धातुएं भी रिकवर की जा सकती हैं।

पुराने CPU और कंप्यूटर भी हैं काम के

पुराने कंप्यूटर के मदरबोर्ड, CPU, RAM और कनेक्टर में भी कीमती धातुओं का इस्तेमाल होता है। यही कारण है कि ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग उद्योग में पुराने कंप्यूटर और उनके पार्ट्स की भी मांग रहती है। हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि घर में पड़ा एक पुराना मोबाइल या CPU बेचने पर आपको बड़ी रकम मिल जाएगी। एक अकेले उपकरण में सोने की मात्रा बेहद कम होती है। असली आर्थिक फायदा बड़ी मात्रा में ई-वेस्ट इकट्ठा करके वैज्ञानिक तरीके से रिसाइक्लिंग करने पर होता है।

घर पर सोना निकालने की कोशिश न करें

इस खबर का सबसे जरूरी पहलू यह है कि पुराने मोबाइल या कंप्यूटर को तोड़कर घर पर केमिकल की मदद से सोना निकालना सुरक्षित तरीका नहीं है। इसके लिए विशेष मशीनों, तकनीक और प्रशिक्षित लोगों की जरूरत होती है। ई-वेस्ट की प्रोसेसिंग के दौरान सोने के साथ चांदी, पैलेडियम और तांबे जैसी धातुओं को अलग किया जाता है। इसलिए पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान को सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय अधिकृत ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग सेंटर तक पहुंचाना बेहतर विकल्प है।

ई-वेस्ट सिर्फ कचरा नहीं, कीमती संसाधन भी

तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक इस्तेमाल के बीच ई-वेस्ट अब सिर्फ पर्यावरण की चुनौती नहीं है। पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान में मौजूद कीमती धातुओं की वजह से यह ‘अर्बन माइनिंग’ का एक बड़ा स्रोत भी बन रहा है। यानी जिस पुराने मोबाइल, CPU या कंप्यूटर को हम बेकार समझकर घर के किसी कोने में रख देते हैं, उसमें थोड़ी मात्रा में सोना जरूर छिपा हो सकता है। लेकिन इसे निकालने का सही तरीका वैज्ञानिक रिसाइक्लिंग है, न कि घर पर प्रयोग करना।

Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!

App Store –  https://apps.apple.com/in/ app/newspin/id6746449540

Google Play Store – https://play.google.com/store/ apps/details?id=com. inventifweb.newspin& pcampaignid=web_share

Latest News

Popular Videos