CUET UG 2027 में ऐतिहासिक बदलाव, ‘एक छात्र, एक दिन’ परीक्षा पैटर्न पर काम कर रही NTA
देश के केंद्रीय और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली CUET-UG 2027 की परीक्षा में एक क्रांतिकारी बदलाव होने जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) परीक्षा के मौजूदा और जटिल पैटर्न को पूरी तरह से बदलने की तैयारी में है। NTA के सामने एक नया और बेहद छात्र-अनुकूल प्रस्ताव रखा गया है, जिसे ‘एक छात्र, एक दिन’ (One Student, One Day Exam) मॉडल नाम दिया गया है। अगर यह प्रस्ताव अंतिम रूप से लागू हो जाता है, तो भविष्य में छात्रों को अलग-अलग विषयों की परीक्षा देने के लिए कई दिनों तक परीक्षा केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
क्यों पड़ी इस बड़े बदलाव की जरूरत?
वर्तमान में आयोजित होने वाली CUET UG परीक्षा का शेड्यूल काफी लंबा और जटिल होता है। छात्रों को अपने चुने गए अलग-अलग विषयों की परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बार-बार जाना पड़ता है। कई बार तो विभिन्न विषयों की परीक्षाओं के बीच लंबा अंतराल होने के कारण छात्रों पर मानसिक दबाव बना रहता था और परीक्षा केंद्रों के दूर होने से उनका समय और पैसा दोनों ही काफी बर्बाद होते थे। छात्रों की इसी गंभीर परेशानी और परीक्षा के संचालन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से नंदन नीलेकणी की उच्च स्तरीय टीम और NTA मिलकर इस पूरी व्यवस्था को आसान, छोटा और बेहद पारदर्शी बनाने की कवायद में जुटे हैं।
प्रस्तावित नए परीक्षा पैटर्न के प्रमुख बिंदु
NTA द्वारा विचार किए जा रहे इस नए ड्राफ्ट में परीक्षा की अवधि को कम करने से लेकर सवालों की संख्या और अधिकतम विषयों के चयन की सीमा को भी सीमित करने का प्रस्ताव दिया गया है।
• एक ही दिन में समाप्त होगी परीक्षा: हालांकि CEUT UG की कुल परीक्षा विंडो 12 से 15 दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन एक विशेष छात्र को केवल एक ही दिन का स्लॉट आवंटित किया जाएगा। छात्र ने जितने भी विषय चुने हैं, उन सभी विषयों की परीक्षा उसी एक निश्चित दिन के भीतर पूरी करा ली जाएगी।
• प्रश्नों की संख्या में बड़ी कटौती: वर्तमान व्यवस्था में जहां हर विषय के पेपर में छात्रों को 50 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) हल करने होते थे, वहीं 2027 से इसे घटाकर 35 से 40 प्रश्न प्रति पेपर किए जाने की संभावना है।
• घटेगी परीक्षा की समय अवधि: अब तक प्रत्येक विषय के लिए छात्रों को पूरे 60 मिनट का समय मिलता था। नए प्रस्तावित बदलाव के तहत पेपर का समय घटाकर 40 से 45 मिनट करने की तैयारी है।
• विषय चयन की सीमा में कमी: अभी छात्र कुल 37 विकल्पों में से अधिकतम 5 विषय चुन सकते हैं । लेकिन नए पैटर्न में इस अधिकतम सीमा को घटाकर 4 विषय किया जा सकता है। यदि कोई छात्र चार विषय चुनता है और हर पेपर 40 मिनट का होता है, तो उसकी पूरी परीक्षा महज 160 मिनट (2 घंटे 40 मिनट) में एक ही दिन में संपन्न हो जाएगी।
• समान जनरल टेस्ट पॉलिसी: अभी विभिन्न विश्वविद्यालयों और पाठ्यक्रमों के लिए जनरल टेस्ट की आवश्यकता अलग-अलग होती है। एनटीए नए चार-विषय मॉडल के साथ सभी विश्वविद्यालयों के लिए जनरल टेस्ट को लेकर एक समान नीति अपनाने पर भी गंभीरता से विचार कर रहा है।
परीक्षा की चुनौतियों और तैयारी में आएगा अंतर
इस नए ‘शॉर्ट और क्रिस्प’ फॉर्मेट के लागू होने से परीक्षा की प्रकृति में भी कुछ स्वाभाविक बदलाव देखने को मिलेंगे। प्रश्नों की संख्या और समय कम होने से छात्रों को प्रत्येक प्रश्न को हल करने के लिए कम समय मिलेगा। इसके अलावा, सवालों की संख्या घटने के कारण प्रत्येक सही प्रश्न का वेटेज (अंक) बढ़ सकता है, जिससे परीक्षा में प्रतिस्पर्धा और अधिक कड़ी होने की उम्मीद है। ऐसे में छात्रों को अब रटने की प्रवृत्ति को छोड़कर वैचारिक स्पष्टता, तीव्र गति (Pacing) और अचूक सटीकता (Accuracy) पर अधिक ध्यान केंद्रित करना होगा।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस नए बदलाव के तहत एनटीए परीक्षा के आयोजन को फुलप्रूफ बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियों को विभिन्न विशेषज्ञ एजेंसियों में विभाजित कर सकती है। उदाहरण के लिए—प्रश्न पत्र तैयार करना, परीक्षा केंद्रों का प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को अलग-अलग स्वतंत्र एजेंसियों को सौंपा जा सकता है ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या प्रश्न पत्र लीक होने जैसी आशंकाओं को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके।
आधिकारिक गाइडलाइंस का इंतजार
हालांकि एनटीए और शिक्षा मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के बीच इस क्रांतिकारी ‘वन स्टूडेंट-वन डे’ मॉडल को लेकर गहन सहमति बनती दिख रही है, लेकिन छात्रों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इस संबंध में अंतिम निर्णय और आधिकारिक विस्तृत गाइडलाइंस जारी होना अभी बाकी है। परीक्षा के आधिकारिक नोटिफिकेशन के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
Long or Short, get news the way you like. No ads. No redirections. Download Newspin and Stay Alert, The CSR Journal Mobile app, for fast, crisp, clean updates!
The National Testing Agency (NTA) has announced a revised examination schedule covering the period from December 2026 to April 2027. This updated calendar includes...